Home राज्य योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ेगी भाजपा, जानिए अगले मुख्यमंत्री...

योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ेगी भाजपा, जानिए अगले मुख्यमंत्री के नाम पर क्या बोले दिनेश शर्मा

यूपी के उपमुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा ने उच्च जातियों, विशेष तौर पर ब्राह्मणों के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से दूर होने के दावे को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने समाज के हर वर्ग के लिए काम किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री को लेकर कोई विवाद नहीं है और केंद्रीय नेतृत्व ने तय कर दिया है कि यूपी में योगी आदित्यनाथ के चेहरे के साथ भाजपा विधानसभा चुनाव में उतरेगी।

वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में यूपी में मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में से एक रहे उपमुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा ने पीटीआई से मुख्यमंत्री के मसले पर कहा कि यह एक सुलझा हुआ मसला है क्योंकि केंद्रीय नेतृत्व ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा दोबारा सरकार बनाने के लिए योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। यूपी में भाजपा के ब्राह्मण चेहरे डॉक्टर शर्मा ने उन अटकलों को खारिज किया कि उच्च जातियां, विशेष रूप से ब्राह्मण भाजपा से दूर जा रहे हैं जिन्हें बहुजन समाजपार्टी और समाजवादी पार्टी समेत अन्य लोग लुभाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जाति और पंथ के चश्‍मे से कोई चेहरा नहीं देखा बल्कि समाज के हर वर्ग के लिए काम किया है।

भाजपा के लिए ब्राह्मणों के वोटों के नुकसान पर शर्मा ने कहा, यह प्रतिद्वंद्वियों द्वारा उनके (ब्राह्मण) वोट के लिए एक झूठा प्रचार है। कांग्रेस के प्रमुख ब्राह्मण नेता जितिन प्रसाद (पूर्व केंद्रीय मंत्री) को भाजपा में शामिल किये जाने पर शर्मा ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने उन अटकलों को भी खारिज कर दिया कि कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसानों के विरोध से विशेष रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सौ से अधिक सीटों पर भाजपा को भारी नुकसान होगा।

उन्होंने विपक्षी दलों पर अन्नदाता अनाज उत्पादकों के बीच, अपना वोट हासिल करने के लिए असंतोष फैलाने का आरोप लगाया। किसान आंदोलन के मसले पर उन्होंने कहा कि किसान भाजपा की सर्वोच्‍च प्राथमिकता है लेकिन अगर कोई किसान के रूप में भेष बदलकर अपने निहित राजनीतिक हितों को पूरा करने की कोशिश करता है तो लोग उसे कभी स्वीकार नहीं करेंगे। माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभाग संभालने वाले शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव किया है। पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कटाक्ष किया कि पहले राज्य सरकार बोर्ड परीक्षाओं में धोखाधड़ी के आयोजन के लिए निविदा देने के लिए जानी जाती थी लेकिन अब उत्तर प्रदेश में नकल मुक्त परीक्षा आयोजित करने और छात्रों को सब्सिडी वाली किताबें प्रदान करने के लिए सरकार की प्रशंसा हो रही है।

Exit mobile version