राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई। इसमें पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों समेत अन्य महत्‍वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता भूपेंद्र यादव (Bhupender Yadav) ने बैठक के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक का उद्घाटन किया। बैठक में 342 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों का बैठक के लिए डिजिटल पंजीकरण हुआ था। अंत में पीएम मोदी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा ही सच्‍ची पूजा है।

भूपेंद्र यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी के इतिहास को रेखांकित करते हुए कहा कि भाजपा ने आज केंद्र में जो स्थान पाया है, उसका बहुत बड़ा कारण है कि पार्टी प्रारंभिक काल से लेकर अभी तक सामान्य व्यक्ति से हमेशा जुड़ी रहती है। भाजपा ऐसी पार्टी है जो कभी भी किसी परिवार के इर्द-गिर्द केंद्रित होकर नहीं रही है। भारतीय जनता पार्टी के मूल्य ‘सेवा, संकल्प, समर्पण’ हैं…

भूपेंद्र यादव ने बताया कि बैठक में आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के बारे में भी चर्चा हुई। पंजाब में भाजपा सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी बैठक में इस तैयारी के साथ सारे विषयों को रखा गया। दूसरे सत्र में गोवा, उत्तराखंड, मणिपुर और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों और प्रदेश अध्यक्षों के द्वारा आने वाले समय में चुनाव के संबंध में पूरा विषय रखा गया।

केंद्रीय मंत्री और BJP नेता भूपेंद्र यादव ने बताया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी के समापन संबोधन में प्रधानमंत्री ने आने वाले समय में भाजपा की कार्यनीति को बनाने के लिए एक बड़ा मंत्र सभी कार्यकर्ताओं को दिया। PM ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को सामान्य आदमी के मन के विश्वास का सेतु बनना चाहिए।

इससे पहले दोपहर में केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने संवाददाताओं को बैठक के पहले सत्र में हुई चर्चा की जानकारी दी। उन्‍होंने बताया कि भाजपा कार्यकारिणी ने प्रधानमंत्री मोदी की कोविड-19 महामारी के दौरान देश को कुशल नेतृत्व देने और 80 करोड़ से ज्‍यादा गरीब जनता को मुफ्त अनाज मुहैया कराने के लिए सराहना की। भाजपा अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने इसे मानव इतिहास का सबसे बड़ा अनाज कार्यक्रम करार दिया।