प्रदेश में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां बढ़ने लगी हैं। गुरुवार को डिप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने फिरोजाबाद जनपद को 600 करोड़ रुपये से अधिक की सौगातें दी हैं। उन्‍होंने विभिन्‍न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्‍यास किया। इस धनराशि से जिले में कई बड़े विकास कार्य होंगे। गौरतलब है कि फिरोजाबाद को समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता रहा है। पिछले चुनाव में यहां भाजपा ने बढ़त हासिल की थी।

फिरोजाबाद में गुरुवार दोपहर पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनसभा से पहले 661 करोड़ की परियोजनाओं का बटन दबाकर लोकार्पण और शिलान्यास किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा आज खुशी की बात है कि 143 परियाेजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हो रहा है। 661 करोड़ के अलावा 925 करोड़ की परियोजनाएं पहले ही पूरी की जा चुकी हैं। टूंडला रेलवे स्टेशन से17 किमी सड़क चौड़ीकरण, मक्खनपुर खैरगढ़ मार्ग के चौड़ीकरण, फतेहाबाद फिरोजाबाद मार्ग, नगला भाऊ के बच्चू बाबा रोड निर्माण की घोषणा करता हूं, ये काम 125 करोड़ के हैं। देश प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है। इससे लूटने वालों के चेहरे की हवाइयां उड़ी हैं।

उन्‍होंने कहा कि भाजपा के सुशासन से विपक्षी हैरान हैं। सपा की गुंडा सरकार और भाजपा की सरकार का अंतर जनता जान रही हैं। यदि आपने 2017 में मौका नहीं दिया होता तो सपा का गुण्डाराज चल रहा होता। डिप्‍टी सीएम बोले हम विकास करते हैं। 2014 में मोदी सरकार बनी है तब से अब तक मोदी जी ने कभी छुट्टी ली है क्या। हर गरीब की किस्मत बदलने वाला नेता मोदी है। किसानों को एक साल में छह हजार रुपया पहुंचाने वाला नेता मिला है। यदि भ्रष्टाचारियों को मौका दिया होता तो लूट होती। आप सब के आर्शीवाद से गरीबों के घरों में खुशहाली आई है।

सुहागनगरी को लोग बदनाम करते थे। एक समय ऐसा था कि सपा बसपा अकेले अकेले लड़ते थे। 2019 में बसपा सपा रालोद सब मिलकर लड़े थे। तब 51 फीसद वोट मिले थे। जैसे 2017 के विधानसभा चुनाव में हम 325 सीटें जीते थे। हम 2022 में उससे बड़ी विजय पाएंगे। सड़क पर गुंडे माफिया दिखने से काम बनने वाला नहीं है, अखिलेश जी। जब जनता जागती है तो कमल खिलता है। उन्‍होंने कहा कि सौ में साठ हमारा है, बाकी में बंटवारा है।

जनता को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि मोदी का साथ दिया तो राम मंदिर बन रहा है। एक्सप्रेस वे बन रहा है। सब जगह काम हो रहा है। सबसे अपील करता हूँ कि 2022 में फ़िरोज़ाबाद में सभी सीटें जीतना है। जनता का समर्थन हो तो भाजपा 403 सीटें जीतने की क्षमता है। उप्र के चुनाव के बाद कई नेता विदेश चले जाएंगे। हमारे नेता छुट्टी नहीं लेते। आपदा के काल में भी साथ रहते हैं। योगी जी अंत्योदय कार्ड धारकों को दाल तेल और नमक भी पहुंचा रहे हैं। अपने बच्चों का उज्जवल भविष्य देखना चाहते हो तो कमल खिलाना। ये कहकर डिप्‍टी सीएम ने अपना संबोधन समाप्‍त किया।