उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद भाजपा से निलंबित प्रवक्ता नूपुर शर्मा के एक बयान के विरोध में कानपुर से शुरु हुई हिंंसा अब पूरे प्रदेश में फैल गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस हिंंसा को लेकर काफी सख्त हैं वहीं प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधा है। बता दें कि प्रदेश में हुई हिंसा के बाद अब तक पुलिस 227 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जुमे की नमाज के बाद हुई हिंंसा में विरोधी दलों का हाथ बताते हुए ट्वीट के जरिए हमला बोला। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि, ‘विधानसभा चुनाव 2022 में करारी पराजय से बौखलाए भाजपा विरोधी दल, नेता, कट्टरपंथी देश/प्रदेश का माहौल खराब कर बदनाम करने का असफल प्रयास कर रहे हैं, कानून दोषियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई करेगा,लोग बहकावे में न आयें, शांति बनाये रखें, कोई शिकायत है तो लोकतांत्रिक तरीके से ज्ञापन दें।’
यूपी में शुक्रवार को प्रयागराज, हाथरस, मुरादाबाद, फिरोजाबाद और अंबेडकरनगर में हुए भीषण बवाल के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने कठोर से कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। अब तक 227 लोगों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर चुकी है।