तेलंगाना में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने खम्मम में एक जनसभा का आयोजन किया। जनसभा में मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की उपस्थिति में दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल, पंजाब के CM भगवंत मान, केरल के CM पिनाराई विजयन, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और CPI महासचिव डी. राजा शामिल हुए।

अखिलेश ने साधा भाजपा पर निशाना

इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि कल BJP की कार्यकारिणी बैठक खत्म हुई, उन्होंने कहा कि 400 दिन बाकी है, हमें तो लगता था कि ये सरकार वो है जो दावा करती थी कि हटेगी नहीं लेकिन अब वो स्वयं स्वीकार रहे हैं कि अब 400 दिन है। जो सरकार अपने दिन गिनने लगे तो समझ लो ये सरकार 400 दिन बाद रुकने वाली नहीं है।

पिनराई विजयन ने कही यह बात
तेलंगाना में बीआरएस की बैठक में केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा कि केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा लोकतंत्र की नींव को तबाह करना चाहती है। आज हम एक नए प्रतिरोध की शुरुआत कर रहे हैं। हमारी सभी देशी भाषाओं को दरकिनार करते हुए हिंदी को राष्ट्रभाषा के रूप में चित्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। अपनी मातृभाषाओं को खत्म कर हिंदी थोपने से राष्ट्र की अखंडता प्रभावित होगी।

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भाजपा शासित केंद्र पर देश के लोकतंत्र की नींव को ‘खराब’ करने का आरोप लगाते हुए धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए ‘नए प्रतिरोध’ का आह्वान किया। माकपा नेता ने आरोप लगाया कि केंद्र लगातार देश के संघीय ढांचे को ‘नष्ट’ करने की कोशिश कर रहा है और गैर-भाजपा राज्य सरकारों को निशाना बनाने के लिए राज्यपालों के कार्यालयों का उपयोग कर रहा है।

पंजाब के मुख्यमंत्री बोले- भाजपा गुमराह कर रही

भारतीय जुमला पार्टी (बीजेपी) देश को गुमराह कर रही है। वे हर चीज हासिल करना चाहते हैं। जहां वह नहीं जीतते वहां उपचुनाव द्वारा जीत जाते हैं।

डी राजा ने कही यह बात

भाकपा महासचिव डी राजा ने बुधवार को कहा कि भाजपा के खिलाफ लड़ने और 2024 के लोकसभा चुनाव में उसे सत्ता से हटाने के लिए सभी धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक पार्टियों को एक साथ आने की जरूरत है। राजा ने केंद्र की एनडीए सरकार पर संविधान और लोकतांत्रिक शासन को बदलने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हमें भाजपा-आरएसएस गठबंधन के खिलाफ लड़ना होगा और आगामी 2024 के चुनाव में उन्हें हराना होगा। यह संदेश तेलंगाना के क्रांतिकारी केंद्र खम्मम से जाना चाहिए। मैं यहां मौजूद सभी धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक दलों से अपील करता हूं।

केसीआर ने भाजपा को घेरा

भारत राष्ट्र समिति के प्रमुख एवं तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने कहा कि ‘रायतु बंधु’ जैसी कल्याणकारी योजनाओं को पूरे देश में लागू किया जाना चाहिए। राव ने एलआईसी के विनिवेश को लेकर केंद्र की आलोचना की।