मिशन-2024 का शंखनाद करने निकले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बाबा विश्वनाथ से विजयश्री का आशीर्वाद लिया। काशी विश्वनाथ में दर्शन पूजन से पहले उन्होंने काशी के कोतवाल कालभैरव से पूर्वांचल में चुनावी अभियान के शुरुआत की अनुमति ली। यहां की गलियों में टहलते हुए टपरी (गुमटी) पर चाय की चुस्कियां भी लीं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्यमंत्री शुक्रवार की सुबह 10 बजे कालभैरव मंदिर के लिए रवाना हुए। लहुराबीर और मैदागिन पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया। इसके बाद कालभैरव के दरबार में हाजिरी लगाई। बाबा कालभैरव का विधि विधान से पूजन अर्चन और आरती करने के बाद नड्डा-योगी काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे।

यहां षोडषोपचार पूजन के बाद कॉरिडोर में चहलकदमी भी की। इस दौरान मंडलायुक्त कौशलराज शर्मा और मुख्य कार्यपालक अधिकारी डा. सुनील वर्मा ने काशी विश्वनाथ मंदिर का मॉडल देकर उनका अभिवादन किया। मंदिर से बाहर निकलने के दौरान उन्होंने आम लोगों से भी खुद को जोड़ा और कई लोगों से हाथ भी मिलाया।

कालभैरव का दर्शन कर मंदिर से बाहर निकले राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गली में स्थित बटुक सरदार की चाय की दुकान पर रुक गए। दोनों ने कुल्हड़ में चाय की चुस्की के साथ दुकानदार बटुक सरदार से बात भी की। उन्होंने पूछा यह चाय कैसे बनी है और फिर पूछा कि रोज कितनी चाय बिक जाती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया।

कुल्हड़ के लिए खोजा डस्टबिन

चाय समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूछा कि यह कुल्हड़ कहां डालना है? मुख्यमंत्री इस दौरान डस्टबिन खोजने लगे। इस पर दक्षिणी विधायक डा. नीलकंठ तिवारी ने उन्हें चाय की दुकान के पास रखे डस्टबिन की जानकारी दी।इसके बाद सभी ने कुल्हड़ को डस्टबिन में डाला।

सांसद मनोज तिवारी की मां ने दिया आशीर्वाद

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने काशी प्रवास के दौरान सांसद मनोज तिवारी की मां ललिता देवी से मुलाकात की। अपनी मां से भाजपा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुलाकात की फोटो सांसद मनोज तिवारी ने ट्वीट कर खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि मां ने पीएम मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने का आशीर्वाद दिया। काशी में मां के पास था। मां को पता चला कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आए हैं तो उन्होंने उनसे मिलने की इच्छा जताई। अध्यक्ष जी ने मां से मिल कर बड़ा सम्मान दिया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिलाया।