दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने असम पहुंचते ही कहा कि अतिथियों को धमकाया नहीं जाता, उनका तो स्वागत किया जाता है। असम की संस्कृति तो मेहमानों का स्वागत करने की रही है।

आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा, असम के मुख्यमंत्री ने कुछ दिन पहले जिस तरह से मुझे धमकी दी, उनको असम की संस्कृति सीखनी चाहिए। अरविंद केजरीवाल गुवाहाटी के अंतरराष्ट्रीय गोपीलनाथ बोरदोलाई हवाई अड्डे पर उतरने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे

 

उन्होंने कहा, असम में कांग्रेस ने शासन किया, उसके बाद असम गण परिषद ने राज किया। अब असम में भाजपा का शासन है। यहीं विकास दिखाई नहीं देती। आम आदमी पार्टी को जहां भी मौका मिला, हमने वहां विकास करके दिखाया। उन्होंने कहा, अगर असम की जनता आप को मौका देती है तो हम यहां पर भी विकास करके दिखाएंगे।

अरविंद केजरीवाल ने कहा, जिस तरह की धमकी असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मुझे दी वह असमिया संस्कृति के खिलाफ है। हम अतिथियों का स्वागत करते हैं। मैं चाहता हूं कि हिमंत दिल्ली आएं। मेरे साथ चाय पीएं। मैं खुद उनको दिल्ली घुमाऊंगा।

अरविंद के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी असम आए हैं। कुछ ही देर में वे गुवाहाटी के भरालुमुख में आम आदमी पार्टी की रैली को संबोधन करेंगे।