विपक्ष के No Confidence Motion पर आज से बहस शुरू हो रही है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बहस की शुरुआत कर सकते हैं। पीएम मोदी 10 अगस्त को इस पर जवाब दे सकते हैं। चर्चा के लिए 12 घंटे का समय तय किया गया है। कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था।

मोदी सरकार के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर आज से लोकसभा में चर्चा होगी। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने अविश्वास प्रस्ताव को पेश किया है। उधर, सदन में रणनीति तैयार करने के लिए विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A. ने राज्यसभा में नेता विपक्ष के दफ्तर में एक बैठक बुलाई है।

एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि चर्चा के लिए 12 घंटे का समय तय किया गया है। बीजेपी को चर्चा में भाग लेने के लिए लगभग सात घंटे का समय मिलेगा। कांग्रेस पार्टी के लिए लगभग एक घंटा 15 मिनट का समय आवंटित किया गया है। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी, शिवसेना, जेडीयू, बीजेडी, बीएसपी, बीआरएस और एलजेपी को कुल 2 घंटे का समय दिया गया है। पीएम मोदी 10 अगस्त को इस पर जवाब दे सकते हैं।

I.N.D.I.A. की बैठक शुरू

विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A. की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में संसद सत्र की रणनीति पर चर्चा होगी।

हंगामे से नहीं चलती संसद: अनुराग ठाकुर

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल के नेताओं को झूठ बोलने की आदत है। शायद, वे भूल गए कि संसद के अंदर यह नहीं चलता। सदन नियमों के अनुसार चलता है, हंगामे से नहीं। वे जितना चाहें देश को गुमराह करने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन लोकसभा और राज्यसभा दोनों में इनकी पोल खुल गई है।

BJD, YSRCP पर कांग्रेस का निशाना

कांग्रेस नेता मणिकम टैगोर ने कहा कि BJD और YSRCP ने अपना असली रंग दिखा दिया है। एक दिन ओडिशा और आंध्र प्रदेश में इन दलों को परेशानी होगी।

बीजेपी का अहंकार टूट जाएगा: अधीर रंजन चौधरी

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि संसद के अंदर बातचीत संख्या पर नहीं बल्कि मुद्दों पर होती है। संसद इसी तरह चलती है। जब जवाहर लाल नेहरू प्रधानमंत्री थे तो संसद में अटल बिहारी वाजपेयी के पास कितनी संख्या थी? संख्या का यह अहंकार आज या कल टूट जायेगा।

No Confidence Motion पर निशिकांत दुबे करेंगे बहस की शुरुआत!

भाजपा सूत्रों का कहना है कि अविश्वास प्रस्ताव पर भाजपा की ओर से डॉ. निशिकांत दुबे पहले वक्ता होंगे।

Delhi Services Bill पर क्या बोली RJD?

राजद नेता मनोज झा ने कहा कि दिल्ली सेवा विधेयक सदन से पारित होने के बाद भाजपा इसे अन्य राज्यों में भी दोहराने की कोशिश करेगी।

बीजेपी संसदीय दल की बैठक जारी

अविश्वास प्रस्ताव पर बहस की शुरुआत से पहले बीजेपी संसदीय दल की बैठक हो रही है। इस बैठक में पीएम मोदी भी मौजूद हैं।