भारत के साथ ही साथ नेपाल में भी आज विजयदशमी का त्यौहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल और प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली ने विजयदशमी के अवसर पर लोगों को बधाई दी है। साथ ही उनसे हाल की आपदाओं से प्रभावित लोगों को सामान्य स्थिति में लौटने में मदद करने की अपील की। राष्ट्रपति ने नेपाल में हिंदुओं के सबसे बड़े त्योहार ‘दसईं’ के दसवें दिन सभी नेपालियों के लिए शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। प्रधानमंत्री ने सभी नागरिकों के बीच सहयोग एवं सद्भाव की भी कामना की। इधर भारत में भी आज दशहरा की धूम है। पीएम मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को असत्य पर सत्य की जीत के पर्व की शुभकामनाएं दी हैं।

ओली ने एक बयान में सभी नेपालियों से आपदा प्रभावित लोगों को सामान्य स्थिति में लौटने के लिए व्यक्तिगत स्तर पर भी मदद देने की अपील की। उन्होंने लोगों से आपदा में बाल-बाल बच गये लोगों को सरकार की ओर से आवश्यक सहायता का आश्वासन दिया। हाल में मूसलाधार वर्षा के कारण नेपाल के कई हिस्से बाढ़ एवं भूस्खलन की चपेट में आ गये थे जिसके फलस्वरूप 240 लोगों की जान चली गयी एवं हजारों अन्य विस्थापित हो गये। विजया दशमी तीन अक्टूबर को शुरू हुई। इसे यहां दसईं के नाम से जाना जाता है। पहले दिन कलश स्थापना की गई, जिसे घटस्थापना के रूप में जाना जाता है और जौ के बीज बोए गए जिसे ‘जामरा’ कहा जाता है।