बिहार में भाजपा और जेडीयू का गठबंधन टूटने के बाद एक बार फिर से महागठबंधन की सरकार बन गई है। आज दोपहर दो बजे राजभवन में नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री तो तेजस्वी यादव ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। वहीं भाजपा ने आज सभी जिलों में जद (यू) नेता द्वारा विश्वासघात के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध (महाधरना) किया।

सुशील मोदी का दावा, उप-राष्ट्रपति बनना चाहते थे नीतीश

भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने बुधवार को आरोप लगाया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उप-राष्ट्रपति बनना चाहते थे लेकिन पार्टी द्वारा उनकी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने में विफल रहने के बाद उन्होंने भाजपा का साथ छोड़ दिया। पूर्व डिप्टी सीएम के आरोप को जद (यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन ने खारिज कर दिया। साथ ही उन्होंने नीतीश कुमार के साथ घनिष्ठ संबंधों के लिए सजा के रूप में अपनी ही पार्टी द्वारा अकेले छोड़े गए नेता के रूप में सुशील मोदी का मजाक उड़ाया।

भाजपा ने नीतीश कुमार को जबरदस्ती बनाया था सीएम: ललन सिंह

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन (ललन) सिंह का भाजपा पर आरोप- नीतीश कुमार 2020 में मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहते थे लेकिन आपने (भाजपा) उन्हें जबरदस्ती सीएम बनाया। आरसीपी सिंह भाजपा के एजेंट बनकर जद (यू) में आए। आपने गठबंधन धर्म का पालन नहीं किया। हम आयकर, सीबीआई और ईडी से नहीं डरते।

पशुपति पारस बोले, जो हुआ वो सही नहीं हुआ

कल जो भी हुआ वह सही नहीं हुआ। ये बिहार के हित के लिए सही नहीं हुआ। 2020 में जब चुनाव हुए और 43 विधायक उनके दल के चुनकर आए थे इसके बावजूद नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया गया। नीतीश जी ऐसा कुछ कर सकते हैं हमें इसकी खबर नहीं थी: केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस

भक्त चरण दास ने भाजपा पर ली चुटकी

बिहार कांग्रेस के प्रभारी भक्त चरण दास ने बुधवार को चुटकी लेते हुए कहा कि हमें लगता है कि राज्य में भाजपा का पतन महाराष्ट्र में उसकी राजनीति और दलबदल इंजीनियरिंग का जवाब है। भगवा खेमे पर निशाना साधते हुए भक्त चरण दास ने कहा कि भाजपा मुक्त बिहार एक नया संदेश है जो लोगों को भेजा गया है। दास ने कहा कि जब देश की प्रगति, देश की आजादी और इसकी पहचान की बात आती है तो कांग्रेस हमेशा एक मजबूत स्तंभ रही है। भगवा पार्टी सभी छोटी पार्टियों का सफाया करना चाहती है। दास ने दावा किया कि वह भारत में सिर्फ एक पार्टी (भाजपा), एक रंग… और एक धर्म की स्थापना करना चाहता है। यह पूछे जाने पर कि क्या नई महागठबंधन की बिहार सरकार का अध्यक्ष कांग्रेस से होगा, जिसके पास विधानसभा में 19 विधायक हैं, दास ने कहा कि जो होगा अच्छे के लिए होगा।