कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को लखीमपुर जाने की इजाजत मिल गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अफसरों की हुई उच्च स्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया। राहुल गांधी पांच लोगों के साथ लखीमपुर में दो पीड़ित परिवारों से मिलेंगे। राहुल गांधी दिल्‍ली से हवाई मार्ग से लखनऊ पहुंच रहे हैं। वहीं सीतापुर गेस्‍ट हाउस में बनी अस्‍थाई जेल से प्रियंका गांधी को रिहा कर दिया गया है। वह राहुल गांधी के साथ लखीमपुर जाएंगी।

प्रियंका को चार अक्‍टूबर को तड़के साढ़े चार बजे सीतापुर के हरगांव से उस वक्‍त गिरफ्तार किया गया था जब वह लखीमपुर जाने की कोशिश कर रही थीं। कल राहुल के लखीमपुर जाने के ऐलान के बाद से ही यूपी का सियासी पारा चढ़ा हुआ था। राज्‍य सरकार ने राहुल गांधी को लखीमपुर या सीतापुर जाने की इजाजत नहीं दी थी। लखनऊ में पुलिस कमिश्‍नर डी.के.ठाकुर ने बताया कि राहुल को लखीमपुर या सीतापुर न आने देने के लिए वहां के प्रशासन ने अनुरोध किया। उत्‍तर प्रदेश शासन ने दिल्‍ली हवाई अड्डा के अधिकारियों से भी राहुल को रोकने का अनुरोध किया था। उधर, दिल्‍ली में राहुल गांधी ने आज सुबह एक प्रेस कांफ्रेस कर सरकार पर तानाशाही और किसानों को कुचलने का आरोप लगाया और लखनऊ के लिए फ्लाइट पकड़ने को हवाई अड्डा पहुंच गए।