कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को हिमाचल के सोलन जिले में एक रैली के साथ हिमाचल प्रदेश में पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगी। हिमाचल चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस से पहले ही अपना अभियान शुरू कर दिया है। बीते दिनों पीएम मोदी ने हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर जनसभा को संबोधित किया और हिमाचल की कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।

ऑल इंडिया कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की ‘परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहाड़ी राज्य के दौरे के एक दिन बाद आई है। एक दिन पहले ही पीएम मोदी ने भी हिमाचल में कई रैलियां की थीं। इस दौरान हिमाचल से दिल्ली के लिए वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी भी दिखाई थी।

साल के अंत तक हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले अपनी यात्रा के दौरान मोदी ने ऊना और चंबा में कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। राज्य में भाजपा की सरकार है। प्रदेश की सत्ता फिर हथियाने के लिए जहां भाजपा ने अपना जोर लगाया हुआ है वहीं कांग्रेस भी परिवर्त प्रतिज्ञा रैली के माध्यम से चुनाव प्रचार शुरू कर राज्य में अपनी सत्ता वापसी की कोशिश करेगी।

पीएम मोदी ने की थी कई योजनाओं की शुरुआत

एक दिन पहले ऊना में प्रधानमंत्री मोदी ने वंदे भारत एक्सप्रेस सिरीज की चौथी ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। मोदी ने 3,125 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों को अपग्रेड करने के लिए चंबा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-III की शुरुआत भी की थी।

मां शूलिनी मंदिर में करेंगी दर्शन

पार्टी के एक बयान में कहा गया है कि प्रियंका गांधी रैली से पहले दोपहर करीब 12 बजे मां शूलिनी मंदिर भी जाएंगे। जहां से दर्शन करने के बाद वो परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली में शामिल होकर प्रदेश में कांग्रेस के चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगी।