तिलहर। ब्लॉक रोड पर जमीन के विवाद को लेकर दो भाइयों के परिवारों के बीच जमकर पथराव और फायरिंग हुई। पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया। इसमें दो महिला कांस्टेबल समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।

ब्लॉक रोड पर सौदान और उनके भाई भूपेश के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। कई बार मामला थाने भी पहुंचा है, लेकिन पुलिस ने कभी इसे गंभीरता से नहीं लिया। शुक्रवार शाम दोनों भाइयों के परिवारों के बीच कहासुनी होने के बाद पथराव शुरू हो गया। कुछ राहगीर पत्थर लगने से चोटिल हो गए। इस बीच दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग होने की भी चर्चा है।

सूचना पर दरोगा सुखपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक पक्ष ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। हालांकि इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा का कहना है कि पथराव रोकने के दौरान कांस्टेबल नवीन, संजीव, नीलम और काजल पत्थर लगने से घायल हो गईं। चारों पुलिसकर्मियों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। कांस्टेबल नवीन ने बताया कि मकान का दरवाजा बंद होने पर वह महिला कांस्टेबल के साथ छत पर चढ़ा तो वहां कंटीले तारों में करंट प्रभावित हो रहा था। उसने सब स्टेशन फोन करके बिजली सप्लाई बंद कराई और फिर तार हटाकर मकान के अंदर प्रवेश किया। कांस्टेबल नवीन ने दोनों पक्षों के बीच फायरिंग होने की बात कही है। सीओ बीएस वीर कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।