यूपी के चंदौली जिले में रविवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना घटी। एक महिला तीन बच्चों के साथ ट्रेन के आगे कूद गई। दो बच्चों और महिला की मौत हो गई। वहीं 8 माह का बच्चा छिटक कर रेलवे लाइन के किनारे गिरा। इस कारण उसकी जान बच गई।
यूपी के चंदौली जिले में रविवार रात एक महिला तीन बच्चों के साथ ट्रेन के आगे कूद गई। इस खौफनाक घटना में महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। वहीं 8 माह का दुधमुंहा बच्चा जख्मी हो गया। शव रेलवे ट्रैक पर करीब 100 फीट की दूरी तक बिखरे पड़े। घटना का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है।
अवधूत भगवान राम हॉल्ट के पास घटी ह्रदय विदारक घटना के बारे में जो भी सुना वो सिहर उठा। घटनास्थल पर पहुंचे लोग क्षत-विक्षत शव देख कांप उठे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पति-पत्नी में आए दिन होता था विवाद
जानकारी के मुताबिक, पड़ाव क्षेत्र के परोरवा गांव निवासी रामकिशन यादव की पुत्री मंजू यादव (26) की शादी वाराणसी के चित्तईपुर निवासी बच्चा यादव पुत्र कल्लू यादव के साथ हुई थी। हाल के दिनों में पति-पत्नी के बीच रिश्ता ठीक नहीं था। एक रिश्तेदार अक्सर मंजू से मिलने आता था जो उसके पति को नागवार गुजरता था। वह मंजू को रिश्तेदार से मेल जोल रखने से मना कर रहा था।