कांग्रेस पार्टी आज अपना 139वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर पार्टी नागपुर में एक बड़ा आयोजन करने जा रही है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के गढ़ में ‘हैं तैयार हम’ नाम की महारैली के साथ कांग्रेस 2024 लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करेगी। इस रैली को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी संबोधित करेंगे।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी रैली में हिस्सा लेने के लिए नागपुर पहुंच गए हैं।

पार्टी अपने विचारधारा से कभी भी नहीं झुकने वाली: खरगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, ‘स्थापना दिवस पर हम सब मिलकर देश को एक संदेश देना चाहते हैं कि कांग्रेस पार्टी अपने विचारधारा से कभी भी नहीं झुकने वाली है और अपने विचारधारा से आगे बढ़ेगी और यही संदेश हम नागपुर से देना चाहते हैं।’

नागपुर एक ऐतिहासिक जगह: खेड़ा
‘हैं तैयार हम’ रैली पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि नागपुर एक ऐतिहासिक जगह है। कांग्रेस की जड़ें यहीं से मजबूत हुई, यहीं से उत्पन्न हुई और यहीं से आगे बढ़ी। कांग्रेस के संगठन में महाराष्ट्र और नागपुर का बहुत बड़ा योगदान है।

यह अच्छा है
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि यह अच्छा है और कभी-कभी यह होना चाहिए। खासकर मुंबई में हमारे यहां प्रतिष्ठा थी, इसलिए महाराष्ट्र के साथ हमारे अच्छे संबंध हैं।

भारत में नफरत खत्म होनी चाहिए: टैगोर
कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने कहा, ‘एक संगठन जो नफरत पैदा करता है और फैलाता है, वह नागपुर में स्थित है। आरएसएस नामक एक संगठन का मुख्यालय यहां है। कांग्रेस पार्टी यह दिखाएगी कि भारत में नफरत खत्म होनी चाहिए और हमें प्रत्येक भारतीय के लिए प्यार और स्नेह फैलाना चाहिए, यही संदेश है। आज कांग्रेस पार्टी का 139वां स्थापना दिवस है। कल, कांग्रेस ने घोषणा की कि भारत न्याय यात्रा जो 14 जनवरी से इंफाल से शुरू होने जा रही है वो अगले साल होने वाले चुनाव में कांग्रेस के पक्ष को बदल देगा। 2024 में दिल्ली में इंडिया गठबंधन की जीत होगी।’

नाना पटोले ने कही यह बात
यह महारैली इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह नागपुर में की जा रही है, जहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का मुख्यालय और ऐतिहासिक ‘दीक्षाभूमि’ स्थित हैं। दीक्षाभूमि में डॉ. भीमराव आंबेडकर ने बौद्ध धर्म को अपनाया था। इससे पहले महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने बुधवार को कार्यक्रम स्थल पर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा था कि यह देश के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक क्षण होगा। पार्टी केंद्र की सत्ता से भाजपा को हराने के लिए बदलाव का संदेश देगी।