पहले से ही महंगाई की मार झेल रही आम जनता के लिए एक और बुरी खबर है। दरअसल, माचिस की डिब्बी के दाम बढ़ने जा रहे हैं। करीब 14 साल बाद माचिस के दाम बढ़े हैं।

कितनी बढ़ गई कीमत:

टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक अगले महीने यानी 1 दिसंबर से माचिस के दाम 1 रुपए बढ़ जाएंगे। इस बढ़ोतरी के बाद माचिस की नई कीमत 2 रुपए होगी। कीमत में बढ़ोतरी का ये फैसला ऑल इंडिया चैंबर ऑफ मैचेस की बैठक में लिया गया। आपको बता दें कि इस बैठक में पांच प्रमुख माचिस उद्योग निकायों के प्रतिनिधि शामिल थे। इन्होंने सर्वसम्मति से माचिस के दाम बढ़ाने का फैसला लिया है।

वजह क्या है:

इस बढ़ोतरी की वजह कच्चे माल की कीमतों में वृद्धि को बताया जा रहा है। आपको बता दें कि माचिस बनाने के लिए मुख्य तौर पर लाल फास्फोरस, मोम, बॉक्स बोर्ड आदि की जरूरत होती है। इन सभी कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी हो गई है। दरअसल, डीजल की कीमत बढ़ने की वजह से ट्रांसपोर्टेशन भी महंगा हुआ है। यही वजह है कि कच्चे माल की कीमतों में इजाफा हुआ है।