दसवीं की एक छात्रा को ब्लैकमेल कर लगातार छह महीने तक उससे दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। आरोपी बालअपचारी ने धमकाकर दुष्कर्म का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद छात्रा के घर वालों को जानकारी हुई। पीड़ित छात्रा की मां ने आरोपी बालअपचारी समेत दो लोगों के खिलाफ थाना उमरी बेगमगंज में दुष्कर्म, धमकी, पॉक्सो व आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कराया है।

पुलिस के मुताबिक थाना उमरी बेगमगंज क्षेत्र की रहने वाली 16 वर्षीया किशोरी की मां ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसकी बेटी क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में दसवी की छात्रा है। छह माह पहले गांव के ही एक बालअपचारी ने उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया और उसकी अश्लील फोटो खींचकर वीडियो भी बना लिया। अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसकी बेटी संग छह माह से दुष्कर्म करता रहा। लोकलाज के डर से उसकी बेटी दुष्कर्म के बारे में किसी को बता भी न सकी।

आरोपी ने अश्लील वीडियो मुंबई में रह रहे अपने एक साथी को व्हाट्सएप के जरिए भेज दिया। आरोपी बालअपचारी और उसके साथी ने अश्लील फोटो व वीडियो 28 फरवरी को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने पर छात्रा के परिजनों को इसकी जानकारी हुई। थानाध्यक्ष संजीव वर्मा ने बताया कि छात्रा की मां की तहरीर पर दुष्कर्म, धमकी, पॉक्सो व आईटी एक्ट के तहत बालअपचारी व उसके साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी बालअपचारी को संरक्षण में लेने के लिए पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मामले की विवेचना थाना तरबगंज के निरीक्षक अपराध अशोक सिंह को सौंपी गई है।

इंस्टाग्राम व स्टेट्स पर अपलोड किया अश्लील वीडियो
छात्रा के साथ दुष्कर्म का अश्लील फोटो और वीडियो बनाने वाले बालअपचारी और उसके साथी ने इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। यहीं ने दोनों ने व्हाट्सएप स्टेटस पर अश्लील वीडियो लगा दिया। अब पुलिस वायरल वीडियो की पूरी जानकारी जुटाने में लगी है।

बालअपचारी के साथी की तलाश में मुंबई जाएगी पुलिस
दसवीं की छात्रा को धमकाकर उसके संग छह माह तक दुष्कर्म करने के आरोपी बालअपचारी के साथी की तलाश में पुलिस टीम मुंबई जाएगी। वह मुंबई के किस इलाके में रहता है। वहां क्या करता है, इसकी जानकारी जुटाने में पुलिस लगी है।