साहिबाबाद। महाराजपुर चौकी के पास कौशांबी डिपो के गेट पर सोमवार दोपहर बुलंदशहर निवासी 36 वर्षीय राजू के दोनों पैर पर रोडवेज बस का पहिया चढ़ गया। उसके पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। लोगों के हंगामा करने पर चालक बस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।

दिल्ली में रहने वाली सोनिका ने बताया कि दोपहर तीन बजे वह कौशांबी डिपो से बस में बैठने के लिए पहुंची थीं। इस बीच बुलंदशहर जाने वाली बस मेन गेट से निकल रही थी कि चालक ने लापरवाही से पहिया बुलंदशहर निवासी राजू के पैर पर चढ़ा दिया। इससे उनके दोनों पैर बुरी तरह खराब हो गए। राजू के चीखने की आवाज सुनकर आसपास खड़े लोगों ने शोर मचाकर चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह बस छोड़कर भाग निकला। सोनिका ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस व पुलिस को फोन किया। उन्होंने जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराकर घायल का उपचार कराया। शाम को डॉक्टरों ने राजू की गंभीर हालत में देखकर दिल्ली के जीटीबी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। लिंकरोड थाना प्रभारी मनीष बिष्ट ने बताया कि घायल युवक का नाम और पते की जानकारी नहीं है। ऐसे में सवाल यह है कि महाराजपुर चौकी के पास हुए इस हादसे की पुलिस ने जानकारी क्यूं नहीं की थी।

एसीपी साहिबाबाद भास्कर वर्मा का कहना है कि घायल के हालत की लगातार जानकारी कर रहे हैं। अभी परिजनों ने शिकायत नहीं दी है। बस को कब्जे में ले लिया है।