आकांक्षा की मौत के बाद से ही भोजपुरी गायक समर सिंह का नाम सुर्खियों में है। पुलिस के मुताबिक, समर घर पर नहीं है। उसकी तलाश की जा रही है। समर सिंह ने सोशल मीडिया पर आकांक्षा के लिए ये शब्द लिखे…

भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे ने रविवार को सारनाथ के एक होटल में मृत पाई गई थीं। मामले में एक के बाद एक कई खुलासे हो रहे हैं। आकांक्षा की मौत के बाद से ही भोजपुरी गायक समर सिंह का नाम सुर्खियों में है। उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया जा चुका है। पुलिस के मुताबिक, समर घर पर नहीं है। उसकी तलाश की जा रही है। हालांकि, आकांक्षा की मौत के बाद समर ने सोशल मीडिया पर संवेदना व्यक्त की थी। उसने लिखा था कि निशब्द। अब पुलिस समर की तलाश में दबिश दे रही है।

डॉक्टरों के पैनल ने अभिनेत्री आकांक्षा दुबे के शव का सोमवार की दोपहर बाद पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट को सीलबंद किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आकांक्षा की मौत फंदा लगाने की वजह से हुई है। जांच के लिए बिसरा सुरक्षित रखा गया है। पोस्टमार्टम के बाद आकांक्षा की अंत्येष्टि परिजनों और करीबियों की मौजूदगी में मणिकर्णिका घाट पर की गई।

भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे अपने बेटे के साथ सोमवार सुबह मुंबई से वाराणसी पहुंची। सारनाथ थाने में उन्होंने अपनी बेटी की मौत के संबंध में भोजपुरी गायक समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह पर सनसनीखेज आरोप लगाए। कहा कि समर सिंह मेरी बेटी आकांक्षा को रोजाना प्रताड़ित करता था। पैसे हड़प लेता था। तीन साल से टॉर्चर कर रहा था। समर और संजय सिंह ने साजिश के तहत हत्या की है।