मार्च के मध्य से मौसम लगातार बदलाव दिखने को मिल रहा है। धूप खिलने के बाद शाम होते-होते मौसम बदल जाता है। मौसम के इस बदले मिजाज के कारण चढ़ते पारे पर भी ब्रेक लगा है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से तीन दिन से बारिश हो रही है और आज फिर अगले दो घंटे में दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने के आसार मौसम विभाग जता चुका है। साथ ही ओले गिरने की भी संभावना जताई है।

दिल्ली में एक मार्च से अब तक आठ दिन बारिश हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में शनिवार दोपहर बाद फिर से मौसम ने करवट ली और आसमान में काले बादल छा गए।

इससे पहले दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 28.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बृहस्पतिवार से शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक 16.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। जबकि 5:30 बजे तक 000.1 मिमी बारिश हुई।

बीते दो सालों के मुकाबले में ठंडा रहा मार्च
बीते दो सालों के मुकाबले में इस साल का मार्च कुछ ठंडा रहा। मार्च का औसतन अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इससे पहले 2022 में अधिकतम तापमान 32.9 और न्यूनतम तापमान 17.9 व 2021 में 33.1 और न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 2020 और 2019 में औसतन अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा था।

एक व तीन अप्रैल को हल्की बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार अभी दो दिन तापमान में बढ़ोतरी नहीं होगी। आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। एक व तीन अप्रैल को फिर से कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। तीन अप्रैल के बाद से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। एक बार फिर से तापमान 33 डिग्री तक पहुंच जाएगा।