हाल ही में हनी सिंह ने इस बात का खुलासा किया है कि ‘लुंगी डांस’ गाना शाहरुख खान को पसंद नहीं आया था।

वर्ष 2013 में आई फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ का गाना ‘लुंगी डांस’ खूब हिट हुआ। मगर, जिस वक्त यह गाना हनी सिंह ने शाहरुख खान को सुनाया था तो उन्हें यह बिल्कुल पसंद नहीं आया था। इस बात का खुलासा हाल ही में हनी सिंह ने किया है। बता दें कि सिंगर और रैपर हनी सिंह इन दिनों अपने लेटेस्ट म्यूजिक एल्बम हनी 3.0 के प्रमोशन में जुटे हुए हैं। इस दौरान उन्होंने इस बात का खुलासा किया है।

शाहरुख खान की थी यह प्रतिक्रिया
हनी सिंह ने बताया कि शाहरुख खान ने उन्हें ‘अंग्रेजी बीट’ जैसा गाना बनाने के लिए कहा था। उन्होंने जब लुंगी डांस गाना तैयार होने के बाद किंग खान को सुनाया तो उन्हें सॉन्ग अच्छा नहीं लगा। ऐसे में हनी सिंह ने शाहरुख खान से कहा, ‘आपको ये गाना लेना है, तो ले लीजिए नहीं तो मैं इसे सिंगल रिलीज करूंगा।’

हनी सिंह ने कह दी थी यह बात
हाल ही में एक बातचीत के दौरान हनी सिंह ने बताया, ‘शाहरुख खान ने मुझसे कहा कि अंग्रेजी बीट जैसा गाना बना दे। मैंने कहा, ‘नहीं! आपकी फिल्म की वाइब क्या है? फिर उन्होंने तीन घंटे तक मूवी की कहानी सुनाई। मैंने कहा कि मैं कुछ बनाकर लाऊंगा। अगर सुपरहिट होगा तभी लाऊंगा वरना नहीं लाऊंगा। मैं लुंगी डांस बनाकर लाया। उन्होंने कहा कि ये गाना समझ में नहीं आया। मैंने कहा कि आपको ये गाना चाहिए तो ठीक है और अगर नहीं चाहिए, तो मैं इसे सिंगल रिलीज करूंगा और ये गाना चलेगा।’

कई फिल्मों में दिए हैं गाने
बता दें कि रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ का यह गाना दीपिका पादुकोण और शाहरुख खान पर फिल्माया गया था। फिल्म ब्लॉकबस्टर रही थी। वहीं यह गाना भी खूब हिट हुआ था। बताते चलें कि हनी सिंह कई बॉलीवुड फिल्मों में सुपरहिट गाने दे चुके हैं।