बढ़ रहा है दर्द
उदित ने बताया आंत मेंं कई सालों से दिक्कत थी। जिला अस्पताल में दिखाया तो चिकित्सक ने ऑपरेशन कराने की सलाह दी। तब तक कुछ दवाएं दे दी थीं। एक सप्ताह बाद बुलाया था। जब ऑपरेशन के लिए पहुंचे तो पता चला कि चिकित्सक छुट्टी पर हैं। अब दर्द बढ़ता जा रहा है।
केस 2
कर रहा हूं इंतजार
बबलू ने बताया हाइड्रोसील का ऑपरेशन कराने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। चिकित्सक ने पहले सभी जांच कराने की बात कही। जांच कराने के बाद पांच दिन पहले ऑपरेशन करने के लिए बुलाया था। जब गुरुवार सुबह अस्पताल पहुंचा तो बताया गया कि चिकित्सक नहीं हैं। एक सप्ताह बाद फिर से आना। दर्द से परेशान हूं।

सीतापुर। जिला अस्पताल में सर्जन की कमी मरीजों पर भारी पड़ रही है। एक सप्ताह से सर्जन न होने से ऑपरेशन ठप हैं। करीब 100 मरीजों के ऑपरेशन टल गए हैं। इससे मरीजों का दर्द बढ़ रहा है। ऑपरेशन समय से न होने पर मरीजों की जान पर भी बन रही है।

जिला अस्पताल में सर्जन के दो पद स्वीकृत हैं। जिसमें एक पद करीब दो साल से खाली है। केवल डॉ. गौरव मिश्रा की तैनाती है। वह रोजाना 10 से 12 ऑपरेशन करते थे। डॉ. गौरव मिश्रा अपनी माता की तबियत खराब होने के कारण एक सप्ताह से छुट्टी पर हैं। इनके छुट्टी पर चले जाने से अस्पताल में ऑपरेशन बंद हो गए हैं। इसकी वजह से मरीजों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।

इन बीमारियों से पीड़ित मरीजों के होने हैं ऑपरेशन
जिला अस्पताल के मुताबिक आंत उतरना, हाइड्रोसील, लीवर दिक्कत, पेशाब नली, गाल ब्लेडर, बच्चेदानी सहित अन्य बीमारियों के आपरेशन लटके हुए है।

अब होंगे आपरेशन
डॉ. गौरव मिश्रा छुट्टी पर चले गए थे। गुरुवार को वह लौट आए हैं। अब जल्द ही ऑपरेशन शुरू हो जाएंगे।
डॉ. आरके सिंह, सीएमएस